झालावाड़ के रायपुर स्थित गांव बानोर में मेहर समाज के सामाजिक विकास, एकता और आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के उत्थान के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से 'मेहर समाज विकास समिति, बानोर' के नाम से समिति का ऑनलाइन पंजीयन कराने का निर्णय लिया गया। इस समिति का कार्यक्षेत्र केवल ग्राम बानोर के मेहर समाज तक सीमित रहेगा। समिति गांव में समाज के परिवारों को एकजुट करने, सामाजिक सहयोग बढ़ाने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने, शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने, युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और समाजहित के अन्य कार्यों को प्राथमिकता से संचालित करेगी। बैठक में सर्वसम्मति से कन्हैयालाल मेहर को अध्यक्ष, घनश्याम मेहर को उपाध्यक्ष, बापूलाल मेहर को सचिव और शिवलाल मेहर को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रभुलाल मेहर, राकेश मेहर, रमेशचंद मेहर, पूनमचंद मेहर, नानूराम मेहर, रामलाल मेहर, बालकिशन मेहर, सत्यनारायण मेहर, सांवरलाल मेहर और रामप्रसाद मेहर सहित अन्य समाजजनों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया। समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल मेहर ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य बानोर गांव के मेहर समाज को एक संगठित मंच प्रदान करना है। इससे समाज के लोगों की आवश्यकताओं और समस्याओं पर सामूहिक रूप से विचार कर उनके समाधान के प्रयास किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि समिति गांव के मेहर समाज के प्रत्येक परिवार को साथ लेकर सामाजिक विकास की दिशा में कार्य करेगी। बैठक में आगामी समय में समाजहित में किए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। समाजजनों ने समिति के माध्यम से आपसी भाईचारा, सहयोग और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। मौजूद समाजजनों ने कहा कि संगठन और एकता से ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है, इसलिए समिति को सक्रिय और प्रभावी रूप से संचालित करने में सभी परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।