मेड़ता सिटी और मेड़ता रोड नगर पालिका के चुनाव परिणाम वाकई में चौंकाने वाले रहे। मेड़ता सिटी में भाजपा की निवर्तमान पालिकाध्यक्ष शोभा लाहोटी महज एक वोट से हार गई। जबकि मेड़ता रोड में कांग्रेस से एक साथ चार टिकट हासिल करने वाले परिवार के चारों सदस्य चुनाव हार गए। इन सदस्यों में शामिल मेड़ता रोड की 2 बार सरपंच रही सरजू देवी को वार्ड नंबर 25 से सिर्फ एक वोट मिला। इनके पति रामनिवास लटियाल वार्ड नंबर 4 में 64 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे। मेड़ता रोड में एक बार सरपंच रह चुके इनके बेटे धर्मेंद्र चौधरी वार्ड नंबर 13 में 56 वोट लाकर चौथे स्थान पर रहे। जबकि धर्मेंद्र की पत्नी अंजू वार्ड नंबर 19 से 80 वोट लाकर दूसरे नंबर पर रही। इस तरह मेड़ता रोड में लगातार 15 साल सरपंचाई करने वाले परिवार को चार वार्डों से महज 201 वोट मिले। मेड़ता रोड में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष भाजपा प्रत्याशी प्रेम देवी भी वार्ड नंबर 24 में 81 वोट से हार गई। मेड़ता सिटी में दो प्रत्याशी सिर्फ एक वोट से जीते मेड़ता सिटी में दो प्रत्याशी सिर्फ एक वोट के अंतर से चुनाव जीते हैं। इनमें वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस के नंदूश्री मंत्री ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष शोभा लाहोटी को एक वोट से हराया है। मंत्री को 351 वोट मिले, जबकि लाहोटी को 350 वोट मिले। इसी तरह वार्ड नंबर 10 में भाजपा की पिंकू माली ने 348 वोट लाकर निर्दलीय मंजू देवी को एक वोट से हरा दिया। मेड़ता सिटी में ये रहीं सबसे बड़ी 2 जीत वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस की कदमा देवी ने पालिका चुनाव की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें कुल 715 वोट मिले और उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रियंका (177 वोट) को रिकॉर्ड 538 वोटों के अंतर से हराया। इसी तरह वार्ड नंबर 20 से चुनाव की दूसरी सबसे बड़ी जीत कांग्रेस के जाकिर हुसैन के नाम रही। जाकिर हुसैन को सर्वाधिक 781 वोट प्राप्त हुए और उन्होंने आरएलपी के सद्दाम हुसैन (250 वोट) को 531 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।