जगमगाती रोशनी, आकर्षक प्रस्तुतियां, शानदार स्टेज और रैंप पर आत्मविश्वास के साथ वॉक करतीं देशभर की खूबसूरत मॉडल्स। कुछ ऐसा ही नजारा जयपुर के अनंत महल में आयोजित प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट ‘मिस फ्यूजन इंडिया’ के ग्रैंड फिनाले में ग्लैमर के साथ प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। फ्यूजन ग्रुप की ओर से आयोजित इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचीं प्रतिभागियों ने अपनी खूबसूरती के साथ टैलेंट, व्यक्तित्व और विचारों से भी जूरी को प्रभावित किया। ग्रैंड फिनाले की शुरुआत निवारा कॉलेज के स्टूडेंट्स की ओर से डिजाइन किए गए परिधानों में ओपनिंग एक्ट के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने अलग-अलग राउंड में अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में भारतीय संस्कृति और विविधता की झलक देखने को मिली, जबकि टॉप-10 फाइनलिस्ट के प्रश्न-उत्तर राउंड में मॉडल्स की समझ, सोच और सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सामने आई। कार्यक्रम में पंडित सुरेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
खूबसूरती के साथ टैलेंट और सोच ने जीता दिल फिनाले की खास बात यह रही कि प्रतियोगिता केवल खूबसूरती और रैंप वॉक तक सीमित नहीं रही। मॉडल्स ने अपने टैलेंट के साथ विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी सोच सामने रखी। प्रश्न-उत्तर राउंड में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूछे गए सवालों पर प्रतिभागियों के जवाबों ने जूरी सदस्यों को खास तौर पर प्रभावित किया। मॉडल्स ने प्रकृति को बचाने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने कहा कि विकास के साथ प्रकृति का संरक्षण भी जरूरी है और यदि आज पर्यावरण को सुरक्षित नहीं रखा गया तो आने वाली पीढ़ियों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण कम करने, पेड़ लगाने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। मॉडल्स के जवाबों में यह संदेश भी प्रमुख रहा कि आज प्रकृति को बचाने की जिम्मेदारी उठाकर ही हम अपने कल का बेहतर भविष्य बना सकते हैं। उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार से जुड़े विचारों ने जूरी को प्रभावित किया। जजेज ने प्रतिभागियों की केवल बाहरी सुंदरता ही नहीं, बल्कि उनकी सोच, व्यक्तित्व, जागरूकता और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता को भी परखा। देखिए इवेंट के फोटोज…
अदिति भटनागर बनीं द मिस ग्लोब इंडिया ग्रैंड फिनाले में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई। द मिस ग्लोब इंडिया का ताज अदिति भटनागर ने अपने नाम किया, जबकि निहारिका राठौर फर्स्ट रनर-अप रहीं। मिस प्लैनेट इंडिया का खिताब मैना चौधरी ने जीता और जानवी यादव रनर-अप रहीं। वहीं मिस ओशियन इंडिया का ताज खुशबु यादव ने अपने नाम किया, जबकि दिव्यांशी जांगिड़ फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके अलावा मिस फ्यूजन इंडिया का खिताब अंशु चौधरी ने जीता। रूबी वलंद फर्स्ट रनर-अप और पारुल सक्सैना सेकंड रनर-अप रहीं। जूरी ने परखा मॉडल्स का टैलेंट और व्यक्तित्व प्रतियोगिता में जूरी की भूमिका भी अहम रही। जूरी पैनल में जैस्मीन राणा, मिस ग्लोब इंडिया 2025; लॉरा हडसन, मिस ओशियन वर्ल्ड 2023; दिव्या राव, मिस प्लैनेट इंडिया 2024; प्रियन सैन, मिस अर्थ इंडिया 2023 और मुकेश मिश्रा शामिल रहे। जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों की रैंप वॉक, आत्मविश्वास, टैलेंट, व्यक्तित्व, प्रश्नों के जवाब और सामाजिक मुद्दों को लेकर उनकी समझ का आकलन किया। खास तौर पर पर्यावरण और भविष्य से जुड़े सवालों पर मॉडल्स की सोच ने प्रतियोगिता को एक अलग आयाम दिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी विजेताएं आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि मिस फ्यूजन इंडिया एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट है। इस वर्ष प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में कुल नौ अलग-अलग खिताब प्रदान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि चयनित विजेताएं द मिस ग्लोब इंडिया, मिस प्लैनेट इंडिया और मिस ओशियन इंडिया के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य देश की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान और अवसर दिलाना है। जयपुर में 20 देशों की प्रतिभागिओं में से चुनी जाएगी विनर मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले के बाद रविवार को अनंत महल में ‘मिस ओशियन वर्ल्ड’ का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। दुनिया के टॉप-10 प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में शामिल इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 20 देशों की प्रतिभागियां हिस्सा लेंगी। जयपुर में होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन शहर को ग्लोबल ब्यूटी, फैशन और टैलेंट के मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।