नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच मंगलवार को हुए भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर विधायक ताराचंद जैन के बयान ने बड़ा राजनीतिक बवंडर खड़ा कर दिया है। सेक्टर-14 स्थित एक वाटिका में सम्मेलन में विधायक जैन ने मुस्लिम बहुल खांजीपीर और आयड़ क्षेत्र की तुलना मिनी पाकिस्तान से कर दी। बयान सामने आते ही देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा तथा शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे चुनावी फायदे के लिए जनता को बांटने और ध्रुवीकरण करने की कोशिश करार दिया है। भास्कर को बताया- खांजीपीर में 25% अपराध, आयड़ में जरूरी हो रहा थाना भास्कर से बातचीत में विधायक जैन ने अपने बयान को सही ठहराते हुए इसके पीछे आपराधिक आंकड़ों और कन्हैयालाल हत्याकांड का हवाला दिया। कहा कि शहर में प्रवेश के दो ही मुख्य रास्ते हैं- एक खांजीपीर होकर जाता है और दूसरा रास्ता आयड़ क्षेत्र से गुजरता है। ये दोनों ही क्षेत्र अपराधियों की शरणस्थली बन गए थे। खांजीपीर पुलिस चौकी से पिछले 10 साल के अपराधियों का आंकड़ा मंगवाया तो अपराध 25 प्रतिशत तक था। साल 2022 में मालदास स्ट्रीट में टेलर कन्हैयालाल साहू की गला रेतकर आतंकी हत्या करने वाले मोहम्मद गौस और मोहम्मद रियाज अत्तारी सहित तीन आरोपी खांजीपीर क्षेत्र के ही निकले थे, जिनका पाकिस्तान के दो आतंकियों से कनेक्शन एनआईए की जांच-पड़ताल में निकल चुका है। आयड़ क्षेत्र में भी ऐसे ही हालात थे। विधायक ने कहा कि खांजीपीर में चौकी के साथ अब डीएसपी पुलिस कार्यालय खुल गया है। इससे स्थिति सुधर रही है। आयड़ पुलिस चौकी को भी अब थाने में तब्दील करने की तैयारी है, ताकि अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहे। मेवाड़ की पहचान आयड़ का अपमान, भाजपा जनता को बांट रही: कांग्रेस जनता को हिंदुस्तान-पाकिस्तान में बांट रहे विधायक : देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि शहर विधायक खुद अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता को ही हिंदुस्तान-पाकिस्तान में बांट रहे हैं। ऐसे जनप्रतिनिधियों से लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती है। भाजपा मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच हिंदू-मुस्लिम का एजेंडा चलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। आयड़ हमारी पहचान, अपमान बर्दाश्त नहीं : कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि विधायक जैन के इस बयान ने मुद्दाविहीन भाजपा की देश को बांटने की सोच को फिर से उजागर कर दिया है। जब भी चुनाव आते हैं, भाजपा नेता हिंदू-मुस्लिम में जनता को बांटकर संविधान को कमजोर करने का काम करते हैं और आपस में लड़वाकर वैमनस्य पैदा करते हैं। आयड़ सभ्यता मेवाड़ की पहचान है, जिसे मिनी पाकिस्तान बताने वाली भाजपा को जनता निगम चुनाव में जरूर जवाब देगी। ये भी बोले विधायक