भास्कर न्यूज| छीपाबड़ौद कस्बे में शुक्रवार को सर्व हिंदू समाज अनंत चतुर्दशी महोत्सव समिति की ओर से महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर 24 से भी ज्यादा झांकियों की शोभायात्रा निकली। जिसकी शुरुआत सालपुरा शाकाहारी हनुमान मंदिर से हुई। गणेश की पूजा-अर्चना की गई। समिति के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। पूजा के बाद शोभायात्रा पंजाब कॉलोनी, बस स्टैंड, सुभाष पार्क, हॉस्पिटल रोड, हाट चौक, हनुमान चौराहा, अकलेरा नाका होते हुए गौण मंडी पहुंची। शोभायात्रा में गणेश की झांकी सबसे आगे रही। महाकाल, कृष्ण भगवान, खाटू श्याम बाबा, वैष्णो देवी, काली कंकाली, हनुमान, शंकर भगवान, दुर्गा, राधा रानी सहित कई झांकियां शामिल रहीं। राष्ट्रीय मेघवाल परिषद की ओर से लोक देवता बाबा रामदेव की झांकी निकाली गई। बाबा के भजनों पर कच्छी घोड़ी नृत्य हुआ। मारुति व्यायाम शाला और बजरंग व्यायाम शाला अखाड़े के कलाकार करतब दिखाते हुए चले। इन्हें देखने के लिए कस्बे के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग उमड़े। कार्यक्रम में सहरिया आदिवासी स्वांग, राधा रानी नृत्य, वानर नृत्य, गोरिल्ला, मोटू-पतलू आकर्षण का केंद्र रहे। अखाड़े के उस्तादों और मूर्तिकारों का सम्मान किया गया। इसके बाद गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। जुलूस उसी मार्ग से वापस यथास्थान पहुंचा। कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। आयोजन में पुलिस और प्रशासन का सहयोग रहा। समिति के पदाधिकारी और सदस्यों ने व्यवस्था संभाली। कस्बे में एक दिवसीय मेला भी लगा। कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने जरूरत का सामान खरीदा। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह समाजसेवकों ने अल्पाहार और पानी की व्यवस्था की।