भास्कर न्यूज | झालावाड़ गढ़ परिसर में मां गढ़ कालिका के आगमन के साथ ही धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बन गया। सिद्धि श्री गढ़ गणपति सेवा समिति और गढ़ कालिका ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार शाम मां गढ़ कालिका का भव्य आगमन जुलूस निकाला गया। गाजे-बाजे और मां के जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। रविवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां की स्थापना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। मां गढ़ कालिका का आगमन जुलूस शनिवार 10 अक्टूबर को शाम 7 बजे झिरी महादेव से रवाना हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। मां के जयकारों से मार्ग गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मां का स्वागत और वंदन किया। गढ़ परिसर में जोरदार आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। इसके बाद रविवार दोपहर 2 बजे शुभ मुहूर्त में मां गढ़ कालिका की स्थापना की गई। धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए।