मुंबई के भुलेश्वर में शनिवार रात करीब 10 बजे 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। 5 घायल हो गए, जिनमें 5 और 7 साल की दो बच्चियां शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर लाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया। इससे मूर्ति का संतुलन बिगड़ा और वह आगे की तरफ लोगों पर गिर गई। हादसे के बाद प्रतिमा के तीन टुकड़े हो गए। फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और BMC की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। 5 विजुअल में पूरी घटना देखिए… मृतकों में गणेश मंडल के अध्यक्ष भी हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हुई। संकेत नेवशे भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष थे। घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है। आगमन समारोह के दौरान हुआ हादसा यह हादसा आगमन समारोह के दौरान हुआ। मुंबई में घरों और पंडालों में गणेश प्रतिमा की स्थापना से पहले कई मंडल आगमन समारोह आयोजित करते हैं। इस दौरान जुलूस निकाले जाते हैं। मुंबई में हर साल इन आगमन जुलूसों में ढोल-ताशे, संगीत और सजावट के साथ गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाया जाता है, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। दावा- फैक्ट्री से ले जाते समय नट-बोल्ट में दिक्कत थी हादसे को लेकर दावा किया जा रहा है कि प्रतिमा को फैक्ट्री से बाहर ले जाने से पहले नट-बोल्ट में खराबी सामने आई थी। इसे रिपेयर करने के बाद तुरंत प्रतिमा को जुलूस के लिए निकाला गया था। पुलिस और नगर निगम की टीम ने घटना के बाद तीन हिस्सों में बंटी प्रतिमा को डंपर पर रखा। बाद में गिरगांव चौपाटी के समुद्र में विसर्जित कर दिया। मुंबई में 10 हजार से ज्यादा गणेश पंडाल महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं, लेकिन करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है। मुंबई में पंडाल की अनुमति के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसमें BMC के साथ स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की NOC भी ऑनलाइन मिल सकेगी। आवेदन 13 सितंबर तक किए जा सकते हैं। इस साल मुंबई के बड़े मंडलों ने अलग-अलग थीम की तैयारी की है। अंधेरीचा राजा में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति, जबकि कुछ पंडालों ने सुपरहीरो जैसी थीम चुनी है। -------------------- यह खबर भी पढ़ें… आईफोन के लिए 300 फीट ऊंची पहाड़ी से कूदा बेटा:बचाने में पिता भी गिरे, सदमे में मां ने भी पहाड़ी से छलांग लगाई, छत्रपति संभाजीनगर का मामला महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone को लेकर हुए तनाव में पूरा परिवार खत्म हो गया। 300 फीट ऊंचे खवड्या पहाड़ से कूदकर पहले बेटे ने सुसाइड किया। उसे बचाने के लिए आगे बढ़े पिता भी नीचे गिर गए। पति और बेटे की मौत के सदमे में महिला ने भी पहाड़ से छलांग लगा दी। पूरी खबर पढ़ें…