नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को एक निजी मैरिज होम में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश डिगोरिया मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक बहादुर सिंह कोली ने की। विधानसभा प्रभारी गौरव चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बहादुर सिंह कोली ने कहा कि भाजपा सरकार आमजन के विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही नगर पालिका चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा हर कार्यकर्ता को तैयारी में जुटना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में शहर मंडल अध्यक्ष संतोष धाकड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।