मंडावरी|नगर पालिका चुनाव को लेकर मंडावरी में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर पालिका के वार्ड पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। नामांकन को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रिटर्निंग अधिकारी नवज्योति कंवरिया ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र 27 से 31 अगस्त तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया कृषि उपज मंडी समिति, मंडावरी स्थित विश्राम गृह में होगी। नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए बुधवार को नाम निर्देशन प्रकोष्ठ के कार्मिकों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए। वहीं, प्रत्याशियों की सुविधा के लिए रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है। यहां नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी व मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।