पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा की पैदाइश के मौके पर ईद मिलादुन्नबी का जलसा मंगलवार रात अकीदत के साथ मनाया गया। हुसैनी चौक पर रात 10 बजे हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, विभिन्न मस्जिदों के इमाम, उलेमा और नातख्वाह शामिल हुए। पैगंबर साहब के यौम-ए-पैदाइश की खुशी में हुसैनी चौक, नायकवाड़ी, सिलावटवाड़ी, पठानवाड़ी और रजा कॉलोनी सहित विभिन्न मोहल्लों, मस्जिदों और घरों में आकर्षक सजावट की गई। बाहर से आए उलेमाओं ने की शिरकत: अंजुमन कमेटी के सचिव मोहम्मद इकबाल खान ने बताया कि जलसे में मुकर्रिरे खुसूसी हजरत मोहम्मद तबरेज आलम (नानपारा), नासिर रजा और बेंगलुरु से आए नातख्वाह मोइन कादरी ने शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन बरेली शरीफ के हजरत आजम रजा ने किया। जिलेभर से आए लोगों ने धार्मिक जलसे में भाग लिया। दोपहर 1:30 बजे हुसैनी चौक से निकलेगा जुलूस : ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार दोपहर 1:30 बजे हुसैनी चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलेगा। जुलूस सदर बाजार, फव्वारा चौक, नेशनल हाईवे, दानी चबूतरा, नायकवाड़ी, पठानवाड़ी और सिलावटवाड़ी होते हुए वापस हुसैनी चौक पहुंचेगा। समापन पर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की जाएगी। मार्ग में अकीदतमंदों के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था रहेगी। कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। ईद मिलादुन्नबी इस्लामिक कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12वीं तारीख को मनाई जाती है। इस दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की याद में उनके भाईचारे और शांति के संदेश को याद किया जाता है।