नागौर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। इसमें नागौर विधायक हरेंद्र मिर्धा, जिला अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा और जिला प्रभारी रमेश खंडेलवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति को लेकर चर्चा की। विधायक हरेंद्र मिर्धा ने कहा- कांग्रेस नगर निकाय चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने और पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। मिर्धा ने कहा कि स्थानीय निकाय स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान कांग्रेस की प्राथमिकता रही है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर कांग्रेस जिला अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का नगर निकाय चुनाव में मजबूत प्रदर्शन जरूरी है। भ्रष्टाचार के आरोप वाले पूर्व पार्षदों के टिकट पर सवाल प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया ने कांग्रेस से जुड़े पूर्व पार्षदों को लेकर सवाल किया। इनमें कुछ पार्षदों पर भ्रष्टाचार जैसे आरोप लगने और उनके खिलाफ शिकायतें पार्टी तक पहुंचने का मुद्दा उठाया गया। मीडिया ने पूछा कि क्या ऐसे पूर्व पार्षदों को भी आगामी निकाय चुनाव में पार्टी टिकट देगी? इस पर जिला प्रभारी रमेश खंडेलवाल ने कहा कि टिकट वितरण के लिए कमेटी का गठन किया गया है। यही कमेटी उम्मीदवारों के नामों पर निर्णय लेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन में कमेटी ही अंतिम फैसला करेगी। यानी आरोप या शिकायत के बावजूद किसी उम्मीदवार को टिकट देने या नहीं देने का निर्णय इसी प्रक्रिया के तहत होगा। अंत में कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों ने आगामी नगर निकाय चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने और जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।