नागौर के जायल क्षेत्र के 16 दिव्यांगजनों के लिए अब आवागमन आसान होगा। जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से नागौर के टाउन हॉल में शनिवार को कार्यक्रम हुआ। जिसमें जायल विधायक कोष से स्वीकृत 16 स्कूटियों का वितरण किया गया। पीडब्ल्यूडी, महिला एवं बाल विकास और बाल अधिकारिता राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने लाभार्थियों को स्कूटियां सौंपकर उन्हें बधाई दी। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने कहा- सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। स्कूटी मिलने से लाभार्थियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों से स्कूटी का सुरक्षित उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए अपने सपनों को साकार करें। इन 16 लाभार्थियों को मिली स्कूटी डेह के इमरान, श्यामसर के ओमप्रकाश, दुगोली के चेनाराम, धाननी के नन्दूसिंह, सोनेली के नीरसिंह, नेतड़ो का बास जायल के पवन कुमार, जायल के पूर्णाराम, खेतास के बाबूलाल, खाटू कलां के ब्रह्मानन्द, बोड़वा के भंवरलाल, खिंयाला के मनोज कुमार, सांडिला के मोतीराम, झाड़ेली के रामदेव, सोनेली के रामनिवास, ज्याणी के शिवराज टाक और श्यामसर के हेमाराम को स्कूटियां वितरित की गईं। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर देवेन्द्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौंकरिया, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक जगदीश चांगल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।