नागौर में गांधी जयंती पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय गांधी मय नजर आया। गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के बाद सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित हुई। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ और रामधुन की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश को याद किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर और गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और आमजन ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। सर्वधर्म प्रार्थना में शांति और सद्भाव का संदेश गांधी सर्किल पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मग्रंथों से शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाले अंशों का पाठ किया गया। इसके बाद गांधीजी के प्रिय भजनों की सामूहिक प्रस्तुति दी गई। ‘रघुपति राघव राजा राम’ की संगीतमय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को गांधीजी के विचारों से जोड़ दिया। सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने कहा- महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का सभी को संकल्प लेना चाहिए। उनके विचारों को जीवन में आत्मसात कर समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश आगे बढ़ाना चाहिए। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने शास्त्री के व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया, नगर परिषद सभापति संतोष टाक, एसडीएम गोविंद सिंह भींचर, भाजपा नेता हुकमीचंद टाक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।