नागौर के जायल क्षेत्र में चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शराब की लत है। जायल पुलिस के अनुसार, शराब की लत पूरी करने के लिए दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का सरिया और नकाब भी बरामद किया गया है। जायल वृत्ताधिकारी संजीव कुमार चौहान ने बताया- 2 अगस्त को हिंदू बेरिया स्थित मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर 25 हजार रुपए की नकदी चोरी की गई थी। मामले में पुलिस ने बड़ी खाटू निवासी चुन्नीलाल मेघवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का सरिया बरामद किया गया। चाचा से मिलने पहुंचा भतीजा तो पकड़ा गया पुलिस के अनुसार- मेडिकल स्टोर में चोरी के दौरान आरोपी चुन्नीलाल की धुंधली तस्वीर सामने आई थी, जिसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। हालांकि उस समय आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। इसी बीच पुलिस ने राजस्थान ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास के मामले में बड़ी खाटू निवासी पेमाराम को गिरफ्तार किया। पेमाराम से मिलने उसका भतीजा चुन्नीलाल थाने पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उसे पहचान लिया और पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि चाचा-भतीजे ने अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। चाचा ने बैंक के 4 ताले तोड़े, स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचा पुलिस के अनुसार, चुन्नीलाल ने मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी की थी, जबकि उसके चाचा पेमाराम ने 17 अगस्त को राजस्थान ग्रामीण बैंक के चार ताले तोड़ दिए थे। इसके बाद वह बैंक के अंदर दाखिल होकर स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच गया। हालांकि पेमाराम बैंक के लॉकर रूम तक पहुंचने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बैंक का सायरन बज गया। आवाज सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल सरिया और नकाब बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी वारदात स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहते हैं। पूछताछ में दोनों के शराब पीने के आदी होने और शराब की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।