नागौर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव को लेकर मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो गया। नागौर के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, बालवा रोड और मेड़ता के आदर्श नवोदय शिक्षण संस्थान, मोरेरा रोड पर मतदान अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। नागौर में 536 और मेड़ता में 416 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण लिया। पीठासीन और मतदान अधिकारियों के दायित्व समझाए प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों के दायित्वों के साथ मतदान प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं। प्रशिक्षणार्थियों को मॉक पोल, चैलेंज वोट, टेंडर वोट, विशेष चेकलिस्ट, मतदाता की पहचान के लिए मान्य दस्तावेज और ईवीएम मशीन के संचालन की जानकारी दी गई। सहायक प्रशिक्षण प्रभारी मानाराम पचार के निर्देशन में ट्रेनर तुलसाराम, चिरंजीलाल, मदनलाल टेलर, सीताराम, कृपाराम, नरेंद्र सिंह और अर्जुन राम ने मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और नियमों की जानकारी भी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम रतन सौंकरिया ने नागौर के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों को सतर्कता के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान सहायक प्रभारी अधिकारी मानाराम पचार ने मॉक पोल, पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्य, चैलेंज वोट, टेंडर वोट और स्पेशल चेकलिस्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नियमों और ईवीएम संचालन में पूरी तरह दक्ष करना है, ताकि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके।