नागौर में जिला परिषद की 37 सीटों और पहले चरण की 7 पंचायत समितियों के 121 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को तेज हो गई है। मंगलवार नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। ऐसे में कल कलेक्ट्रेट से लेकर संबंधित उपखंड कार्यालयों तक प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। सोमवार को जिला परिषद सदस्य के लिए 31 उम्मीदवारों ने कुल 35 नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं पंचायत समिति सदस्य के लिए 34 उम्मीदवारों ने 42 फॉर्म जमा करवाए। खास बात यह है कि जिला परिषद के 37 वार्डों में से 18 वार्ड ऐसे हैं, जहां सोमवार तक एक भी नामांकन नहीं आया। ऐसे में अंतिम दिन इन वार्डों में नामांकन का दबाव रहेगा। वार्ड-35 से जिला परिषद के सबसे ज्यादा 5 आवेदन जिला कलेक्टर कार्यालय में एडीएम रामरतन सोकरिया ने बताया- जिला परिषद सदस्य के लिए सोमवार सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक 31 उम्मीदवारों के 35 आवेदन मिले। इनमें वार्ड नंबर-35 से सर्वाधिक 5 आवेदन आए हैं। दूसरी ओर 18 वार्डों में अभी तक किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। 7 पंचायत समितियों में पहले चरण का चुनाव पहले चरण में नागौर, श्रीबालाजी-अलाय, खींवसर, पांचौड़ी, जायल, डेह और मुंडवा पंचायत समितियों में चुनाव हो रहा है। इनमें नागौर, श्रीबालाजी-अलाय, पांचौड़ी और डेह में 15-15 वार्ड, खींवसर में 17, जायल में 19 और मुंडवा में 25 वार्ड हैं। इस तरह पहले चरण में पंचायत समिति सदस्यों की कुल 121 सीटों के लिए नामांकन लिए जा रहे हैं। जिला परिषद की सभी 37 सीटों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया चल रही है। जिला परिषद सदस्य के आवेदन जिला कलेक्टर कार्यालय में, जबकि पंचायत समिति सदस्यों के आवेदन संबंधित उपखंड कार्यालयों में जमा किए जा रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस ने नाम किए फाइनल भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची पब्लिक नहीं की है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस में टिकट के लिए आए आवेदनों पर मंथन के बाद ज्यादातर नाम लगभग तय हो चुके हैं। पार्टी स्तर से चयनित दावेदारों को फोन कर नामांकन दाखिल करने की सूचना दी गई है। मंगलवार को ये दावेदार समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। 8 अक्टूबर से शुरू हुई प्रक्रिया, मंगलवार को अंतिम मौका पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना 8 अक्टूबर को जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। शुरुआती दिन एक भी नामांकन नहीं आया था, लेकिन सोमवार से दावेदार समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचने लगे। अब मंगलवार, 13 अक्टूबर नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण असली चुनावी तस्वीर सामने आएगी। खासकर जिला परिषद के उन 18 वार्डों पर नजर रहेगी, जहां सोमवार तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के अधिकृत दावेदारों के मैदान में उतरने के बाद जिले की सीटों पर मुकाबले की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो जाएगी।