महिला को तलवार से काटकर लहूलुहान करने के आरोपी युवक को पुलिस ने जैसलमेर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अजयपाल (24) पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। 22 जुलाई 2026 को पीड़िता ने नौगावां थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया था कि जब वह परिवार की महिलाओं के साथ खेतों की ओर जा रही थी, तब आरोपियों ने हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में महिलाओं को गंभीर चोटें आई थीं। एसपी सुधीर चौधरी के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत नौगावां थानाधिकारी हरदयाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी के भाई कुलदीप उर्फ गोलू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल राजेश की विशेष भूमिका रही।