नवरात्र पर्व की शुरुआत हो गई है। शहर के गरबा मंडलों में मां जगदम्बा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं और घट स्थापना हुई। देर शाम आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिसके साथ ही गरबा उत्सव का आगाज हो गया। स्थापना के दौरान शंख, नगाड़े और ढोल की गूंज सुनाई दी। रामझरोखा मैदान में पंडित जयेश ओझा ने विधि-विधान से पूजा कराई। आरासना अंबाजी शक्ति पीठ से अखंड ज्योत लेकर मंडल के कार्यकर्ता रामझरोखा पहुंचे थे। कई पंडालों में नौ दिनों तक दुर्गा सप्तशती का पाठ भी होगा। पंडाल में अष्ट भुजाधारी माता की प्रतिमा स्थापित है, जिसे बंगाल के मूर्तिकार ने तालाब की मिट्टी से बनाया है। इसमें माता को सिंह पर सवार होकर महिषासुर का वध करते दिखाया गया है। अगले नौ दिनों तक रामझरोखा मैदान में गरबा नृत्य और माता के भजन गूंजेंगे।