भरतपुर| नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने कानून व्यवस्था और मतदान की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने मंगलवार को आरओ, एआरओ और पुलिस अधिकारियों की बैठक में क्रिटिकल व संवेदनशील मतदान केंद्रों को समय रहते चिन्हित कर संयुक्त निरीक्षण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर सहित जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा जरूरत के अनुसार स्काउट, एनसीसी और एनएसएस की सेवाएं लेने को कहा। सोशल मीडिया पर चुनाव संबंधी भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए आईटी नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी देने तथा राजनीतिक दलों के साथ बैठकों की वीडियोग्राफी कराने पर भी जोर दिया। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रहेगी। असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का चिन्हीकरण कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अवैध शराब की बिक्री-परिवहन पर रोक, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और नाकाबंदी बढ़ाने के साथ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर फोकस करेगी। बैठक में मतदान केंद्रों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराने को कहा गया। बैठक में एडिशनल एसपी मुख्यालय धर्मेन्द्र यादव, विशेषाधिकारी आईएएस भानु शर्मा, सहायक कलक्टर आईएएस आलोक सिंह, आईपीएस सीओ सिटी आशिमा वासवानी, एडीएम सिटी राहुल सैनी, आरओ भुसावर राधेश्याम मीना, आरओ नदबई सचिन यादव, आरओ भरतपुर भारती गुप्ता, आरओ वैर ऋतुराज शर्मा सहित सभी एआरओ, आईटी टीम, निर्वाचन प्रकोष्ठ के हेमंत शर्मा एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। भरतपुर| नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने आरओ, एआरओ, आईटी टीम और निर्वाचन प्रकोष्ठ के कार्मिकों को मंगलवार को प्रशिक्षण दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी निर्वाचन दायित्व को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और सजगता से निभाए। आयोग की गाइडलाइन की अक्षरशः पालना के साथ आपसी समन्वय और समयबद्धता पर विशेष फोकस रखा जाए। नगर निगम के आरओ रिछपाल सिंह बुरड़क एवं मतदान दल गठन प्रकोष्ठ प्रभारी मुनिदेव यादव ने नामांकन, निर्वाचन योग्यता, आरक्षण, चुनाव चिह्न और नामांकन निरस्तीकरण के प्रावधानों की जानकारी दी। प्रथम चरण में सदस्य पदों के लिए 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होगी और 31 अगस्त तक नामांकन लिए जाएंगे। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 3 सितंबर को सुबह 10.30 से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी। 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 9 और 11 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना होगी। डीओआईटी उप निदेशक पुष्पेंद्र कुंतल ने आईटी टीम को ऑनलाइन सूचनाओं के संधारण, डाटा प्रबंधन और रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आरओ के सत्यापन के बाद ही निर्वाचन संबंधी सूचनाएं ऑनलाइन अपलोड की जाएं। प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संभावित परिस्थितियों से निपटने और तकनीकी टीम व निर्वाचन प्रकोष्ठ के बीच समन्वय की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण में विशेषाधिकारी आईएएस भानु शर्मा, एडीएम सिटी राहुल सैनी, आरओ भुसावर राधेश्याम मीना आदि मौजूद थे।