हाईकोर्ट आदेश के बाद जेडीए न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा है। इधर, विरोध में प्रभावितों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। मंगलवार को बाजार बंद रखकर व्यापारियों ने विरोध जताकर मुआवजे और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने की मांग उठाई। जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस संदीप मेहता की खंडपीठ ने 6 अगस्त को गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक 100 फीट चौड़ाई के अनुसार अतिक्रमण हटाने के लिए जेडीए को निर्देश दिए थे। इस मामले में 6 अक्टूबर तक जेडीए को पालना रिपोर्ट पेश करनी है। ऐसे में अब व्यापारियों को कार्रवाई का भय सता रहा है। जेडीए में जोन से डिमार्केशन करवाया जा रहा है। प्रभावित बोले-दुकानें 60–70 साल पुरानी, मुआवजे/पुनर्वास की नीति स्पष्ट की जाए न्यू सांगानेर रोड चौड़ाईकरण के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। प्रभावितों ने मीटिंग कर जेडीए कार्रवाई पर आपत्ति जताई। इनका कहना है कि कई दुकानें 60–70 वर्षों से संचालित हैं। इनमें पास सोसायटी पट्टे सहित अपने स्वामित्व/कब्जे से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं। पहले प्रत्येक प्रभावित दुकान/संपत्ति के दस्तावेजों की विधिवत जांच की जाए। सड़क चौड़ीकरण वास्तव में कितनी भूमि की आवश्यकता के कारण किया जा रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए। जिन दुकानदारों की संपत्ति वैध अधिकार/पट्टे के आधार पर प्रभावित हो रही है, उनके लिए उचित मुआवजे/पुनर्वास की नीति स्पष्ट की जाए। 2.3 किमी लंबाई तक 100 फीट चौड़ी करनी है सड़क गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक 250 मकान-दुकान इस कार्रवाई की जद में आएंगे। इससे पहले जेडीए गोपालपुरा से गुर्जर थड़ी, मानसरोवर रीको कांटा से मेट्रो स्टेशन तक न्यू सांगानेर रोड, खातीपुरा से सिरसी रोड, नंदपुरी अंडरपास से जगतपुरा फ्लाईओवर रोड तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए अभियान चलाकर अतिक्रमण हटा चुका है। अब न्यू सांगानेर सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक 2.3 किमी लंबाई में सड़क को 100 फीट चौड़ा किया जाएगा।