उत्तर पश्चिम रेलवे के जगतपुरा स्थित हेडक्वार्टर में पुरानी कुर्सियों और टूटे हुए फर्नीचर को बदलने सहित कई समस्याओं को लेकर कर्मचारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन (NWREU) की जीएलओ ब्रांच के कर्मचारियों ने पोर्च में नारेबाजी की कर बिल्डिंग के चारों ओर रैली निकाली। यूनियन के सहायक महामंत्री राजीव सारण ने कहा- कर्मचारियों की समस्याओं को लंबे समय तक लंबित रखना ठीक नहीं है। प्रशासन को रिक्त पद भरने, चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और खराब फर्नीचर बदलने सहित सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। बेसमेंट पार्किंग शुरू करने की मांग कर्मचारियों ने रेलवे हेडक्वार्टर की नई बेसमेंट पार्किंग जल्द शुरू करने और दोपहिया वाहनों की पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। इसके साथ ही कार्यालय भवन में ही क्रेच शुरू करने, सभी विभागों में पुराने फ्लैप कर्टेन बदलने और रिटायर्ड कर्मचारियों की विदाई के लिए कॉन्फ्रेंस रूम बुक करने की व्यवस्था करने को कहा। मनमाने ट्रांसफर निरस्त करने की मांग यूनियन के उपाध्यक्ष नारायण सिंह ने लेखा विभाग में मनमाने तरीके से किए जा रहे ट्रांसफर निरस्त करने और पदोन्नति में एकरूपता लाने की मांग उठाई। उन्होंने सेवानिवृत्ति से कुछ महीने पहले कर्मचारियों से रिकवरी की कार्रवाई पर रोक लगाने की बात भी कही। इसके अलावा प्रधान कार्यालय और निर्माण विभाग में खाली पदों को भरने की मांग की गई।