साइबर ठगी के मामले में मोबाइल लोकेशन की तस्दीक करने गांव ओदरा पहुंची डीएसटी और साइबर सेल की टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार करीब 20-25 महिला-पुरुषों ने टीम को घेरकर मारपीट की और पुलिस के कब्जे से दो संदिग्ध युवकों को छुड़ाकर ले गए। आरोप है कि संदिग्धों से बरामद दो मोबाइल भी भीड़ छीनकर ले गई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। मामले में किशनगढ़बास थाने में राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहुंची थी टीम डीएसटी प्रभारी सीआई गौरव के अनुसार 25 सितंबर को सुबह करीब 11:30 बजे साइबर ठगी से जुड़े मोबाइल की लोकेशन के आधार पर डीएसटी, साइबर सेल खैरथल और किशनगढ़बास थाना पुलिस की टीम गांव ओदरा के धन्नो के बास पहुंची थी। यहां टीम को दो युवक मिले। पुलिसकर्मी मोबाइल के संबंध में दोनों से पूछताछ कर रहे थे।इसी दौरान युवकों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास से करीब 20-25 महिला-पुरुष मौके पर पहुंच गए। अचानक भीड़ ने बोला हमला, युवक छुड़ाए पुलिस के मुताबिक भीड़ ने अचानक टीम को घेर लिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।इसी दौरान दोनों संदिग्ध युवकों को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर ले जाया गया। आरोप है कि युवकों से जब्त किए गए दो मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने लगाए मारपीट व तोड़फोड़ के आरोप दूसरी ओर,मौके पर मौजूद परिवार की ओर से पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे सुबह खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर कुछ लोग पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। परिवार ने महिलाओं से अभद्रता करने और घर में घुसकर सामान तोड़ने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में सकरीना नाम की युवती के गंभीर चोट लगने की बात कही गई है।दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस घटना को लेकर पुलिस ने राजकार्य में बाधा सहित अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया है।वहीं ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।