​बस रूट को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला और कार में आग लगाने के मामले में ओसियां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त गाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपियों ने फिल्मी स्टाइल में एक चलती कार का पीछा किया, उसे टक्कर मारकर सड़क किनारे तारबंदी में धकेला, तलवार व कुल्हाड़ियों से जानलेवा हमला किया और फिर गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। मामले को लेकर जोधपुर ग्रामीण SP पंकज यादव के निर्देशन में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त क्रेटा गाड़ी को जब्त कर लिया है। ​प्रार्थी सुजानदान निवासी बेहचारणान, ओसियां ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह और उसका भाई प्रकाशदान एकलखोरी से अपनी कार से गांव लौट रहे थे। इस दौरान एक सिल्वर कलर की क्रेटा गाड़ी उनका लगातार पीछा कर रही थी। ​डाबड़ी चौराहा पर स्पीड ब्रेकर के पास जैसे ही उनकी कार धीमी हुई, क्रेटा ने जोरदार टक्कर मारी और कार को घसीटते हुए सड़क के नीचे तारबंदी में धकेल दिया। गाड़ी रुकते ही क्रेटा सवार आवडदान, भंवरदान, दलपतदान, मनोहरदान और अन्य साथियों ने कारों के कांच तोड़ने शुरू कर दिए। ​पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब भाई प्रकाशदान बाहर निकला तो भंवरदान ने सिर पर तलवार से और आवडदान ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने गाड़ी से कुचलने का भी प्रयास किया और जेब से करीब 5000 रुपये भी निकाल लिए। ​इसके बाद आरोपी प्रकाशदान को मृत समझकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित ने अपनी जान बचाई। ​ ​घटना के बाद पुलिस की टीम ने तीन मुख्य आरोपियों ​दलपतदान पुत्र गंगादान चारण उम्र 47 वर्ष, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसियां, ​मनोहरदान पुत्र गंगादान चारण उम्र 30 वर्ष, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसिया, ​आवडदान पुत्र गंगादान चारण उम्र 46 वर्ष, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसियां को गिरफ्तार कर लिया। ​