​जोधपुर के ओसियां में बस रूट को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला और कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही वारदात में काम में ली गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों ने पहले कार का पीछा कर उसे टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे तारबंदी में धकेल दिया। इसके बाद तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मामले को लेकर जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव के निर्देशन में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में काम में ली क्रेटा गाड़ी को जब्त कर लिया है। कार का पीछा कर मारी टक्कर, तारबंदी में धकेला पुलिस के अनुसार, बेहचारणान निवासी सुजानदान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने भाई प्रकाशदान के साथ कार से एकलखोरी से गांव लौट रहे थे। इस दौरान सिल्वर रंग की क्रेटा कार लगातार उनका पीछा कर रही थी। डाबड़ी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर के पास उनकी कार धीमी हुई तो क्रेटा सवारों ने जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि उनकी कार को घसीटते हुए सड़क से नीचे तारबंदी में धकेल दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। तलवार-कुल्हाड़ी से हमला कर कार में लगाई आग परिवादी के मुताबिक, आरोपियों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब प्रकाशदान बाहर निकले तो भंवरदान ने उनके सिर पर तलवार से वार किया, जबकि आवडदान ने कुल्हाड़ी से हमला किया। आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से कुचलने का प्रयास भी किया और जेब से करीब 5 हजार रुपए निकाल लिए। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर प्रकाशदान को मृत समझकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित की जान बच सकी। तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा जब्त जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दलपतदान चारण (47) पुत्र गंगादान, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसियां। मनोहरदान चारण (30) पुत्र गंगादान, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसियां। आवडदान चारण (46) पुत्र गंगादान, निवासी खाबड़ा खुर्द, ओसियां। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल क्रेटा कार भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।