पाली जिले से कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक हेमसिंह शेखावत ने कहा कि हमारे यहां पर्ची से महापौर, मुख्यमंत्री नहीं बनते हैं। जनता ने पार्षद प्रत्याशियों को जनमत देकर जिताया है। पार्षद ही तय करेंगे कि उनका मेयर कौन होगा। शेखावत ने दावा किया- हमारे पास 41 पार्षद हैं और नगर निगम में कांग्रेस अपना बोर्ड बनाएंगी। इसी के साथ बांडेबंदी से 24 कांग्रेस से जीते पार्षद बुधवार को नगर निगम लग्जरी बस से पहुंचे, जहां पर चुनाव अधिकारी ने जीत का प्रमाण पत्र दिया इसके साथ ही स्वच्छता की शपथ दिलाई। शेखावत ने कहा कि यह जीत पालीवासियों को समर्पित है। शहर के विकास के लिए कांग्रेस को चुना गया है। हम जनता के उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने यूडीएच मंत्री का नाम लिए बिना कटाक्ष किया कि पाली की जनता ने बता दिया कि वे सकारात्मक है नकारात्मक नहीं। जीत का प्रमाण पत्र लिया बांडेबंदी से जीते कांग्रेस के 24 पार्षद बुधवार को नगर निगम लग्जरी बस से पहुंचे। यहां चुनाव अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने जीत का प्रमाण पत्र दिया। इसके साथ ही स्वच्छता की शपथ दिलाई। नगर निगम परिसर में पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ की पत्नी राजाबाला के पक्ष में नारे लगाए। केक काट उनका जन्मदिन भी यहां मनाया गया। उसके बाद सभी को वापस बस से एक साथ ले जाया गया। इस मौके पर यहां विधायक भीमराज भाटी, चुनाव प्रभारी हेमसिंह शेखावत, हकीम भाई सहित कई लोग मौजूद रहे।