प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पंचायत राज चुनाव के लिए पाली जिले के पर्यवेक्षक एवं विधायक अनिल शर्मा की अध्यक्षता में जिला पॉलिटिकल एडवाइजरी कमेटी की बैठक रविवार को कांग्रेस भवन में आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और चुनावी रणनीति तैयार की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पर्यवेक्षक विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार से जनता त्रस्त है और प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायत राज चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने एकजुटता के साथ पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस को विजय दिलाने का संकल्प लिया। जिला प्रवक्ता रफीक चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में पाली विधायक भीमराज भाटी, जिले के सह प्रभारी श्रवण पटेल, लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, सोजत विधानसभा प्रत्याशी निरंजन आर्य, हरिशंकर मेवाड़ा, प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी, पीसीसी सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई, जिला संगठन महासचिव जोगाराम सोलंकी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।