पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन जश्ने-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को पाली शहर में जिला मुस्लिम समाज की ओर से जुलूस निकाला गया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे नाडी मोहल्ला में तकरीर के बाद जुलूस शुरू हुआ। जुलूस में मुस्लिम समाज के महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए और अलग-अलग रास्तों से होते हुए वापस नाडी मोहल्ला पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। नाडी मोहल्ला में हुई तकरीर बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शहर के नाडी मोहल्ला में तकरीर हुई। इसमें इंसानियत का पाठ पढ़ाया गया और ईद-ए-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी गई। कार्यक्रम में ईद मिलादुन्नबी पर मोहल्लों में सजावट और विभिन्न झांकियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया। अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर ने विजेताओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र दिए। मिलाद चौक से रवाना हुआ जुलूस इसके बाद नाडी मोहल्ला मिलाद चौक से जुलूस रवाना हुआ। जुलूस केरिया दरवाजा, बादशाह का झंडा, गजानन्द मार्ग, जंगीवाड़ा, नवलखा रोड, प्यारा चौक, रूई कटला, उदयपुरिया बाजार और सर्राफा बाजार से होकर गुजरा। इसके बाद जुलूस बादशाह झंडा होते हुए वापस नाडी मोहल्ला पहुंचा और वहीं सम्पन्न हुआ। युवाओं ने लगाए नबी की आमद के नारे जुलूस में शामिल युवा पूरे रास्ते 'नबी की आमद मरहबा' और 'आका की आमद मरहबा' जैसे नारे लगाते नजर आए। युवाओं की टोलियां डीजे पर बज रहे नबी के नारों पर डांस करते हुए चल रही थीं। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए। कोई पैदल चल रहा था तो कोई टैक्सी में नजर आया। कुछ लोग ट्रेक्टर-ट्रॉली में बैठकर भी जुलूस में शामिल हुए। जगह-जगह किया गया स्वागत जुलूस के रास्ते में जगह-जगह विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। कई लोग जुलूस में शामिल लोगों को आइसक्रीम, पानी की बोतलें और चॉकलेट बांटते नजर आए।जुलूस के रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से लोगों को बिस्किट और फल भी वितरित किए गए। जुलूस के दौरान सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। जुलूस तय रास्ते से होते हुए वापस नाडी मोहल्ला पहुंचा और सम्पन्न हुआ।