पाली के नया गांव में सरकारी स्कूल के सामने बने सेवा समिति के मोक्ष धाम के विश्राम गृह में सोमवार सुबह एक युवक की बॉडी पड़ी मिली। बॉडी से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। चेहरा पहचान में नहीं आया, हाथ पर लिखे नाम से हुई शिनाख्त टीपी नगर थाने के एएसआई राजेंद्र कुमार ने बताया - बॉडी 4-5 दिन पुरानी होने की आशंका है। चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा था। बदबू आने पर लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो विश्राम गृह के अंदर बॉडी पड़ी मिली। हाथ पर लिखे रमेश और श्रवण नाम के आधार पर उसकी पहचान हुई। नशे का आदी था मृतक, सार्वजनिक जगहों पर सोता था लोगों ने बताया कि मृतक नशे का आदी था और नशा करने के बाद अक्सर मोक्ष धाम में सो जाता था। मृतक की पहचान नया गांव निवासी रमेश (42) पुत्र श्रवण चौकीदार के रूप में हुई। उसकी मां की मौत हो चुकी है और पत्नी भी नहीं है। ऐसे में वह ज्यादातर समय सार्वजनिक स्थानों पर ही सोता था।