हनुमानगढ़ जिले के पल्लू में किसानों ने फसल बीमा क्लेम, बिजली-पानी की समस्याओं और अन्य जनसमस्याओं को लेकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं किसान नेता गौरी शंकर थोरी के नेतृत्व में गुरुवार को हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सांकेतिक पुतला भी जलाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति जताई। किसान नेता गौरी शंकर थोरी ने इस दौरान सरकार और प्रशासन पर हर व्यवस्था में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा क्लेम का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जबकि बिना बारिश के भी फसलें नष्ट हो रही हैं। थोरी ने खराब फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों ने पल्लू क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या और पल्लू अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों को भरने की भी मांग रखी। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने के दौरान तहसीलदार पल्लू, सहायक अभियंता विद्युत विभाग पल्लू और थाना प्रभारी पल्लू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक देहात अध्यक्ष वेद प्रकाश सियाग, समाजसेवी अनिरुद्ध जोशी, सरपंच संदीप कुमार चावरिया, पूर्व सरपंच महावीर सहारण, राजेंद्र चबरवाल, ओंकार सिंह राठौड़, सरपंच प्रतिनिधि पतराम नायक, पलाराम मलिंडा, जयप्रकाश सारण, विकास खीचड़, सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण खालिया सहित बड़ी संख्या में किसान और नौजवान शामिल हुए।