पंचायती राज आम चुनाव-2026 के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने सोमवार को कन्या महाविद्यालय में मतदान अधिकारी और सहायक मतदान अधिकारी प्रथम के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि जिला परिषद, पंचायत समिति, पंच, सरपंच और उपसरपंच के चुनाव तय प्रक्रिया से करवाने के लिए सभी को प्रशिक्षण गंभीरता से लेना चाहिए। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कर चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा करवाएं। अपनी शंकाएं प्रशिक्षण के दौरान ही दूर कर लें, ताकि मतदान के समय कोई समस्या न हो। प्रशिक्षण शाखा के सह प्रभारी किशोर कुमार बोहरा ने बताया कि कन्या महाविद्यालय, फलोदी में 12 से 15 अक्टूबर तक मतदान अधिकारियों और सहायक मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया, जिला शिक्षा अधिकारी सोहनराम बिश्नोई, मास्टर ट्रेनर ईश्वर सिंह, गणेश कुमार दर्जी और पुखराज भी मौजूद थे।