डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने परबतसर में यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर हुई। पुलिस के मुताबिक, परबतसर में यात्रा के दौरान मोबाइल और नकदी चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। जांच टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। आरोपियों को अजमेर से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 10 मोबाइल फोन और 40,850 रुपए नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त किया गया है। परबतसर थाना पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।