फलोदी के नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत गुरुवार को कलक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में ईवीएम मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हुई इस प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रथम रेंडमाइजेशन के तहत जिले के दो नगरीय निकायों के कुल 61 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम आवंटित की गईं। इनमें 80 बैलेट यूनिट (BU) और 80 कंट्रोल यूनिट (CU) शामिल हैं। नगर परिषद फलोदी के 41 मतदान केंद्रों के लिए 54 BU और 54 CU आवंटित की गईं। वहीं, नगर पालिका बाप के 20 मतदान केंद्रों के लिए 26 BU और 26 CU का आवंटन किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई। अधिकारियों के अनुसार ईवीएम आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।