फलोदी नगरपरिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज सुबह सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम पूजा चौधरी द्वारा लोक सूचना जारी करने के साथ शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे तक 80 से अधिक इच्छुक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए, हालांकि इस अवधि तक एक भी नामांकन जमा नहीं हुआ था। हेल्प डेस्क बनाई निर्वाचन अधिकारी पूजा चौधरी ने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां सरकारी कर्मचारी नामांकन पत्र भरने के बाद उनकी जांच में सहायता करेंगे, जिससे त्रुटियों की संभावना कम हो सकेगी। नामांकन के लिए मिलेंगे तीन दिन एसडीएम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कुल पांच दिन निर्धारित किए गए हैं, लेकिन 28 और 30 तारीख को अवकाश होने के कारण उम्मीदवारों को केवल तीन कार्यदिवस ही मिलेंगे। बता दें कि फलोदी नगरपरिषद क्षेत्र में कुल 40 वार्ड हैं, जिनके लिए 37 मतदान केंद्रों पर 41 बूथ बनाए गए हैं।