फलोदी पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने हिण्डालगोल गांव से 150.22 ग्राम अवैध स्मैक पकड़ी है। पुलिस ने मौके से आरोपी अरशद गिरफ्तार किया, जो लोहावट थाने में करीब एक महीने से फरार था। एक नाबालिग को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। बाइक की सीट के नीचे प्लास्टिक की थैली मिली एसपी आदित्य काकड़े ने बताया कि ऑपरेशन 'उजास' के तहत डीएसटी प्रभारी एएसआई प्रदीप को सूचना मिली थी। एएसपी ब्रजराजसिंह चारण और फलोदी वृत्ताधिकारी अचलसिंह देवड़ा की देखरेख में फलोदी थानाधिकारी नरेश कुमार व डीएसटी टीम ने छापा मारा। तलाशी में बाइक की सीट के नीचे प्लास्टिक की थैली में छिपाई गई स्मैक मिली। पुलिस ने स्मैक जब्त कर अरशद को गिरफ्तार किया, नाबालिग को संरक्षण में लिया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली। दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया स्मैक खरीद-फरोख्त से जुड़े दो अन्य युवकों को भी आरोपी बनाया गया है। फलोदी थाने में चारों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।