ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैकमैन की मौत हो गई। घटना फलोदी जिले के बापिणी सरहद के पास की है। हादसा सुबह रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते समय साबरमती एक्सप्रेस से हुआ। मृतक की पहचान कल्याणपुरा आमला निवासी मेघाराम (28) के रूप में हुई है। ट्रेन की चपेट में आने से मौत मेघाराम रेलवे पटरी की जांच कर रहे थे, तभी पीछे से जोधपुर से जैसलमेर की ओर जा रही ट्रेन संख्या 20492 साबरमती एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से मेघाराम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपीएफ, रेलवे अधिकारी और फलोदी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को फलोदी जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। 10 सालों से ट्रैकमैन के पद पर काम कर रहे थे परिजनों के अनुसार, मेघाराम पिछले करीब 10 वर्षों से ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत थे और शैतानसिंह नगर में ड्यूटी कर रहे थे। एएसआई नासिर खान ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।