पीसांगन उपखंड क्षेत्र के शिवपुरा गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खेत के पास बने एक पुराने और गहरे कुएं में पानी निकालने के दौरान एक दंपती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुएं से पानी निकालते समय हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरा निवासी 28 वर्षीय मीरा देवी (हीरादेवी) पत्नी नौरत रावत कुएं से पानी निकाल रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे कुएं में जा गिरीं। पत्नी को कुएं में गिरता देख उन्हें बचाने के प्रयास में 30 वर्षीय पति नौरतसिंह रावत पुत्र मानसिंह रावत भी तुरंत कुएं में कूद गए। हालांकि, कुएं की गहराई और पानी के कारण दोनों ही बाहर नहीं निकल सके और डूबने से दोनों की मौत हो गई। बबूल की झाड़ियों और अंधेरे से रेस्क्यू में आई बाधा घटना की सूचना मिलते ही पीसांगन थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। कुएं के काफी गहरा होने, नीचे घना अंधेरा पसराने के साथ-साथ कुएं के मुहाने पर बबूल के पेड़ और कंटीली झाड़ियां उगी होने के कारण शुरुआती राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। SDRF की टीम ने क्रेन से चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन हालात की गंभीरता को देखते हुए अजमेर से SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को मौके पर बुलाया गया। कुएं के आसपास फैली झाड़ियों और गहराई को देखते हुए क्रेन की मदद ली गई। क्रेन के जरिए SDRF के दो जवानों को कुएं के भीतर उतारा गया। कड़ी मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने दोनों के शवों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद से ही शिवपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पीसांगन थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीसांगन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।