जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर के सामने नियंत्रण रेखा (LoC) के पार हुए एक संदिग्ध विस्फोट में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि धमाका PoJK के हजीरा तहसील के सतवाल-नकी इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग पाकिस्तान की तरफ नियंत्रण रेखा के पास पानी की पाइपलाइन बिछा रहे थे। इसी दौरान जोरदार विस्फोट हुआ। आशंका है कि विस्फोट किसी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के चलते हुआ। सीमा पार से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान फैजान सगीर, इश्तियाक, वकास शरीफ और आसिम रफीक के रूप में हुई है। ये सभी PoJK के बट्टल मंडोल गांव के रहने वाले थे और चचेरे भाई थे। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल यह जानकारी नहीं है कि मृतकों में से किसी का आतंकवादी गतिविधियों से कोई संबंध था या नहीं। पहले आई खबरों में चारों के घुसपैठ करने की बात कही जा रही थी। घटना के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने कृष्णा घाटी सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया और नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ा दी है। मेंढर सेक्टर में दो बारूदी सुरंगें नष्ट की गईं एक अन्य घटना में, भारतीय सेना ने सोमवार को पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर लगी बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8:25 बजे रास्ता बनाने के काम के दौरान ये सुरंगें मिलीं। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों बारूदी सुरंगों को नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में इसी इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है। ---------------------- ये खबर भी पढ़ें… कश्मीर के कुलगाम में 5 आतंकी गिरफ्तार:2 पिस्तौल और 3 ग्रेनेड भी जब्त, 45 दिनों में 16 आतंकी पकड़ाए जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें…