भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ग्रैंड चेस टूर (GCT) 2026 के फाइनल में पहुंच गए हैं। अमेरिका के सेंट लुइस में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में प्रज्ञाननंदा ने सेमीफाइनल में जर्मनी के विंसेंट कीमर को 19-9 से हराया। प्रज्ञाननंदा ने क्लासिकल और रैपिड गेम के बाद ही फाइनल में जगह पक्की कर ली थी। इसके बाद खेले गए तीन ब्लिट्ज गेम हारने के बावजूद उनके कुल स्कोर पर कोई असर नहीं पड़ा। अब 25 अगस्त को खिताबी मुकाबले में प्रज्ञाननंदा का सामना डिफेंडिंग चैंपियन अमेरिका के फैबियानो कारुआना से होगा। तीन गेम बाकी रहते ही फाइनल पक्का किया प्रज्ञाननंदा ने सेमीफाइनल के दूसरे क्लासिकल गेम में कीमर को हराकर 9-3 की बढ़त हासिल की। इसके बाद रैपिड गेम्स में भी उन्होंने बढ़त बनाए रखी। रैपिड मुकाबलों के बाद प्रज्ञाननंदा ने 3 गेम बाकी रहते ही सेमीफाइनल अपने नाम कर लिया। यानी ब्लिट्ज के नतीजे उनके फाइनल में पहुंचने की स्थिति को बदल नहीं सकते थे। इसके बाद चार ब्लिट्ज गेम खेले गए। प्रज्ञाननंदा ने पहले ब्लिट्ज गेम में हार की स्थिति से वापसी करते हुए जीत दर्ज की, लेकिन इसके बाद कीमर ने लगातार तीन ब्लिट्ज गेम जीत लिए। इसके बावजूद सेमीफाइनल का कुल स्कोर 19-9 प्रज्ञाननंदा के पक्ष में रहा। फाइनल में कारुआना से सामना दूसरे सेमीफाइनल में फैबियानो कारुआना ने अमेरिका के वेस्ले सो को 18-12 से हराया। इसके साथ ही प्रज्ञाननंदा और कारुआना के बीच खिताबी मुकाबला तय हो गया। फाइनल 25 अगस्त को खेला जाएगा। इसमें दोनों खिलाड़ी 0-0 से नई शुरुआत करेंगे। यानी सेमीफाइनल के अंक फाइनल में नहीं जुड़ेंगे। कारुआना इस टूर्नामेंट के डिफेंडिंग चैंपियन हैं और लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। दूसरी ओर, प्रज्ञाननंदा पहली बार GCT खिताब जीतने के लिए खेलेंगे। प्रज्ञाननंदा की शुरुआत ब्लैक मोहरों से होगी फाइनल से पहले हुए ड्रॉ में तय हुआ कि प्रज्ञाननंदा पहली क्लासिकल बाजी में ब्लैक मोहरों से खेलेंगे। फाइनल में पहले दो क्लासिकल गेम खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता के तय फॉर्मेट के अनुसार रैपिड और ब्लिट्ज गेम होंगे। 2 लाख डॉलर है विजेता की इनामी राशि ग्रैंड चेस टूर फाइनल की कुल इनामी राशि 4.5 लाख डॉलर है। चैंपियन को 2 लाख डॉलर मिलेंगे। रनर-अप को 1.25 लाख डॉलर और तीसरे स्थान के खिलाड़ी को 75 हजार डॉलर मिलेंगे। टॉप-3 खिलाड़ियों को 2027 ग्रैंड चेस टूर का सीधा आमंत्रण भी मिलेगा। ------------------------------------------------- स्पोर्ट्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… नाइट क्लब घटना के बाद ब्रायडन कार्स टीम से बाहर:पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा टेस्ट नहीं खेलेंगे; ECB बोला- क्रिकेट रेगुलेटर जांच करेगा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को डर्बी के नाइट क्लब में हुई घटना के बाद पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। यह घटना शनिवार रात मिडिल इंग्लैंड के डर्बी में हुई। पूरी खबर