प्रतापगढ़ में पुलिस ने मकान में दबिश देकर 5 लाख की अफीम बरामद की है। साथ ही 4.70 लाख की नकदी बरामद की गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मकान मालिक मौके से फरार हो गया। कार्रवाई जिले की अरनोद थाना पुलिस ने गौतम नगर में हिमाक्षी होटल के सामने की। मौके से 1 किलो अफीम, कार और बाइक जब्त की गई है। एसपी विशाल जांगिड़ ने बताया- सूचना मिली थी कि अरनोद के मकान में अफीम बेची जा रही है। इस पर पुलिस टीम का गठन किया गया। सोमवार दोपहर को पुलिस टीम गौतम नगर में हिमाक्षी होटल के सामने वाले मकान पर पहुंची। मकान मालिक फरार हुआ, दो गिरफ्तार पुलिस के पहुंचने से पहले ही मकान मालिक जेठाराम मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो श्रवणराम जाट (32) और राजेंद्र उर्फ राजू (46) मौके पर मिले। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मकान की तलाशी लेने पर वहां से 1.045 किलो अफीम, एक ब्रेजा कार, मोटरसाइकिल और 4.70 लाख रुपए नकद बरामद हुए। जब्त अफीम की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। श्रवणराम और राजेंद्र के पास अफीम रखने का लाइसेंस नहीं था। आरोपियों ने बताया कि 4.70 लाख रुपए मकान मालिक जेठाराम के हैं। पुलिस ने नकदी और वाहन जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया। अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। फरार मकान मालिक की तलाश जारी है।