प्रतापगढ़ में खेत पर काम करने गए बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। खेत पर स्टार्टर ऑन करते समय किसान करंट की चपेट में आ गया। इससे वो बेहोश होकर गिर गया था। घटना धमोत्तर थाना क्षेत्र के पांडाखोरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे की है। मृतक की पहचान नारायण लाल मीणा (61) पुत्र बगदीराम मीणा के रूप में हुई है। स्टार्टर ऑन करते समय लगा करंट मृतक के बुआ के लड़के माणकलाल ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। इसमें माणकलाल ने बताया- नारायण लाल मीणा अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। स्टार्टर चलाते समय वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नारायण लाल को मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। धमोत्तर थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। सहायक पुलिस उप निरीक्षक अर्जुन लाल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।