प्रतापगढ़ शहर में मुस्लिम समुदाय ने इस्लाम धर्म के संस्थापक हजरत पैगंबर मोहम्मद की यौमे विलादत के अवसर पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर शहर के विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों से जुलूस निकाले गए। कच्ची बस्ती स्थित महताब शाह वाली दरगाह से हाफिज निजामुद्दीन के नेतृत्व में एक जुलूस निकाला गया। वाटर वर्क्स रोड स्थित अमन नगर वेलोसिटी क्षेत्र से भी जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना हुआ। ये दोनों जलसे बावड़ी मोहल्ला पहुंचे, जहां अंजुमन सदर खान शेद खान के नेतृत्व में मुख्य जुलूस शुरू हुआ। मुख्य जलसे का नेतृत्व अंजुमन सदर खान शेद खान ने किया, जबकि शहर काजी हाफिज जफर खान शेख ने इसकी सदारत की। बावड़ी मोहल्ला से हुआ शुरू यह जुलूस बावड़ी मोहल्ला से शुरू होकर भटपुरा, बड़ी दरवाजा, सालमपुरा, कोतवाली गली, मानक चौक, सदर बाजार और पिपली गली होते हुए गांधी चौराहा पहुंचा। गांधी चौराहे पर आतिशबाजी की गई। इसके बाद जुलूस पीर बाग पहुंचा, जहां फातिहा ख्वानी और तकरीर के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। जलसे के मार्ग में जगह-जगह विभिन्न संगठनों और लोगों ने स्वागत किया। खाने-पीने के स्टॉल लगाकर दूध, खीर, चाय, बिस्किट और फल जैसी खाद्य सामग्री वितरित की गई।