प्रतापगढ़ में रक्षाबंधन के त्योहार के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए सघन निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चला रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार हलवाई, कैटरर्स और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर रही है। मावे के पेड़े और नमकीन के नूमने लिए इसी कड़ी में बुधवार को विभाग की टीम ने जिले में विभिन्न हलवाई, कैटरर्स और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मावे के पेड़े और नमकीन के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये रहे मौजूद इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार पामेचा, रामेश्वर मीणा और कल्पना पटेल मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार पामेचा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं, हलवाई और कैटरर्स को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भी पाबंद किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा।