प्रतापगढ़ में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी पर गणपति विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। शहर से लेकर गांवों तक गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली गईं। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए विसर्जन स्थलों पर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की धुन और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते दिखे। प्रतापगढ़ शहर में अलग-अलग गणेश पंडालों से प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकलीं। ये सभी दीपेश्वर तालाब स्थित गणेश घाट पहुंचीं। यहां आरती और पूजा के बाद प्रतिमाओं का एक-एक करके विसर्जन किया गया। घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को भी श्रद्धालु विसर्जन के लिए घाट पर लाए। पर्यावरण का ध्यान रखते हुए नगर परिषद ने खास गणेश घाट बनाया था। विसर्जन कार्यक्रम के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए थे। एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देश पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। ड्रोन कैमरों और अभय कमांड के सीसीटीवी से निगरानी रखी गई। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी और आपदा प्रबंधन के जवान मौजूद थे। नगर परिषद के कर्मचारियों ने देर रात तक विसर्जन की व्यवस्था संभाली। पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी गई।