प्रतापगढ़ में कोटड़ी थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 किलो 760 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही र कार और एस्कॉर्ट के लिए प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई। पुलिस ने खरखड़ा निवासी मुकेश कलाल चौधरी (35) को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत लगभग 32 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है। नाकाबंदी देखकर बाइक छोड़ गया बाइक सवार कोटड़ी थाना प्रभारी ठाकराराम ने बताया- पुलिस टीम शौली फंटा क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान शौली की दिशा से बाइक आती दिखी। पुलिस को देखकर बाइक सवार बाइक छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह मक्का की फसल और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। कुछ देर बाद, बाइक के पीछे आ रही कार के चालक ने भी नाकाबंदी देखकर कार को वापस शौली की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोका और ड्राइवर को पकड़ लिया। 6 कट्टों में भरा था डोडा चूरा पूछताछ में कार ड्राइवर ने अपनी पहचान मुकेश कलाल चौधरी (35) निवासी खरखड़ा, अरनोद के रूप में बताई। ड्राइवर और कार पर संदेह होने पर पुलिस ने तलाशी ली। कार की तलाशी के दौरान छह प्लास्टिक के कट्टों में कुल 216 किलो 760 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा के साथ ही कार और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। 12 ग्राम ब्राउनशुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार इसके साथ ही हथुनिया पुलिस ने 12 ग्राम ब्राउनशुगर (स्मैक) जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त की है। हथुनिया थानाधिकारी उदयवीरसिंह ने बताया-गश्त के दौरान पुलिस टीम गांव बागलिया से बादाखेड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुल के पास पहुंची। बादाखेड़ी की तरफ से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखा। पुलिस को देखकर उसने बाइक वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद उर्फ कारू (56) निवासी बादाखेड़ी, मंदसौर (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई।