भरतपुर| नगरीय निकाय चुनाव के चलते माध्यमिक शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर में बदलाव के बाद अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने भी 70वीं जिला एवं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव के दौरान शारीरिक शिक्षकों सहित अन्य कार्मिकों की ड्यूटी लगने के कारण प्रतियोगिताओं की तिथियों में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तीनों खेल समूहों की विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 अगस्त तक पूरी करनी होंगी। प्रथम समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 20 सितंबर और राज्य स्तरीय 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होंगी। द्वितीय समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 25 सितंबर और राज्य स्तरीय 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक होंगी। तृतीय समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 8 से 12 अक्टूबर और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 17 से 23 अक्टूबर तक होंगी।