जोधपुर में रेलवे ट्रैक पार करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में 915 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 लाख 80 हजार रुपए का जुर्माना वसूला जा चुका है। इधर, आरयूबी के निर्माण के चलते सालासर सुपरफास्ट का 14 अक्टूबर को बदले रूट से चलेगी। इस दौरान जोधपुर से चलने वाली दो ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। पढ़ें रेलवे की प्रमुख खबरें… ट्रैक पार कर आने वाले 915 पर कार्रवाई रेलवे ट्रैक पार करने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंडल में रेलवे ट्रैक पार करने के कुल 915 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3. 80 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा ने बताया- रेलवे ट्रैक पार करना न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे व्यक्ति की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। इसे रोकने के लिए आरपीएफ द्वारा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी रेलवे परिसर में गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया- पहली छमाही में रेलवे ट्रैक पार करने के 235 मामले पकड़े गए। इनमें से 229 मामलों में 37 हजार 800 रुपए जुर्माना वसूला गया। जबकि 6 मामले विचाराधीन है। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों पर पटरी पार करते हुए 680 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे मौके पर ही 3 लाख 41 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। ऐसे में दोनों कैटेगिरी में 915 मामलों में कार्रवाई की गई और लगभग 3.80 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करने के लिए शॉर्टकट का उपयोग न करें। सालासर सुपरफास्ट 14 अक्टूबर को फुलेरा के रास्ते आएगी बीकानेर मंडल के लोहारू-परवेजपुर रेलखंड पर आरयूबी निर्माण के लिए 14 अक्टूबर को ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते जोधपुर से संबंधित दो ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14824 रेवाड़ी-जोधपुर मेल एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रेवाड़ी के बजाय लोहारू से चलेगी। इस कारण रेवाड़ी-लोहारू के बीच यह रेलसेवा आंशिक रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 22421 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सालासर सुपरफास्ट 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-रतनगढ़-डेगाना की जगह परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा-डेगाना होकर चलेगी। इस मार्ग पर ट्रेन का नारनौल, नीमकाथाना, रींगस, फुलेरा, कुचामन सिटी और मकराना में ठहराव रहेगा।