जयपुर समेत प्रदेश के तमाम शहरों में फूड सेफ्टी विभाग की तरफ से 3 अक्टूबर से ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के जरिए स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटलों में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को मिलावट की पहचान और स्वस्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। 16 अक्टूबर तक चलने वाले कैंपेन में हर दिन अलग-अलग विषय पर ये जागरूकता अभियान चलेगा। इसमें मोबाइल टेस्ट लैब के जरिए खाद्य उत्पादों की जांच करके मिलावट की पहचान करनी भी बताई जाएगी। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट से जारी शेड्यूल के मुताबिक 3 और 5 अक्टूबर को स्कूलों में ‘ईट राइट डे’ के तहत स्वस्थ टिफिन, श्रीअन्न, हाथ धोने और फूड लेबल की जानकारी दी जाएगी। 6 और 7 अक्टूबर को मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के आसान तरीके बताए जाएंगे और मौके पर नमूनों की जांच होगी। 8 और 9 अक्टूबर को ‘हेल्दी राजस्थान-हेल्दी थाली डे’ के तहत नमक, चीनी, तेल के कम उपयोग और स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा दिया जाएगा। 11 और 12 अक्टूबर को पैकेटबंद खाद्य सामग्री का लेबल पढ़ने के लिए जागरूक किया जाएगा। 13, 14 अक्टूबर को कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्पिटलों में ‘ईट राइट कैम्पस’ गतिविधियां और 15, 16 अक्टूबर को ‘फूड वेस्ट-सेव फूड डे’ के तहत भोजन की बर्बादी रोकने का संदेश दिया जाएगा।