जयपुर समेत राजस्थान के तमाम शहरों में खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए फूड सेफ्टी विभाग 3 अक्टूबर से ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान शुरू करेगा। अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और हॉस्पिटलों में खाद्य पदार्थों के टेस्ट किए जाएंगे और लोगों को मिलावट की पहचान करने के तरीके बताए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति सुरक्षित और सही खान-पान को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। 16 अक्टूबर तक चलने वाले कैंपेन में हर दिन अलग-अलग विषय पर ये जागरूकता अभियान चलेगा। इसमें मोबाइल टेस्ट लैब के जरिए खाद्य उत्पादों की जांच करके मिलावट की पहचान करनी भी बताई जाएगी।