राजस्थान में आयकर विभाग की टीमों ने तीन हॉस्पिटल पर सोमवार सुबह छापेमारी की। पार्क ग्रुप के जयपुर, झुंझुनूं और कोटपूतली-बहरोड़ में हॉस्पिटल पर छापेमारी की गई है। जयपुर में मानसरोवर स्थित अमर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर, झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और बहरोड़ के पार्क हॉस्पिटल में रेड की गई है। सुबह करीब 5 से 6:30 बजे के बीच इनकम टैक्स विभाग की टीमें तीनों हॉस्पिटल पहुंचीं। इस दौरान हॉस्पिटलों के सभी एंट्रेस और एक्जिट पूरी तरह बंद कर दिए गए। पुलिस टीम को हॉस्पिटल के गेटों पर तैनात किया गया। इस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश और हॉस्पिटलों में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई। इनकम टैक्स सूत्रों के मुताबिक, पार्क ग्रुप के हॉस्पिटलों में बड़े पैमाने पर कैश लेन-देन से टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमिताओं की सूचना मिली थी। ग्रुप के हॉस्पिटलों से 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की टैक्स चोरी का खुलासा होने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की असल स्थिति के बारे में पता चल सकेगा। रिकॉर्ड रूम और सर्वर रूम में सर्च आयकर विभाग की टीमों ने हॉस्पिटलों के रिकॉर्ड रूम और सर्वर रूम में सर्च किया गया। टीमों को सर्च में कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट और डिजिटल रिकॉर्ड भी मिला है। अस्पताल के वित्तीय लेन-देन, कर भुगतान और सरकारी योजनाओं के तहत किए गए दावों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। टीम कंप्यूटर, सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डिजिटल डेटा की जांच की। इसके अलावा बिलिंग रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और अन्य दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। झुंझुनूं के आरआर हॉस्पिटल पहुंची टीम झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर कार्रवाई की गई है। यहां आयकर की टीम के 15 से ज्यादा लोग पहुंचे। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के गेट पर पुलिस के जवान तैनात रहे। अस्पताल में लगे कंप्यूटरों की जांच की गई। स्टाफ को कंप्यूटर नहीं छूने की हिदायत दी गई। बहरोड़ के पार्क हॉस्पटिल में सुबह 5 बजे रेड कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में पार्क अस्पताल में सोमवार सुबह 5 बजे इनकम टैक्स विभाग ने रेड मारी। 5 गाड़ियों में आए टीम के सदस्यों ने अस्पताल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) और अकाउंट्स विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की। टीम ने अस्पताल की आय और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। इनमें पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS), मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (MAA स्कीम) और आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।