राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर युवा जागृति मंच राजस्थान ने मंगलवार को शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन किया। मंच ने काउंसिल की रजिस्ट्रार जोइस कुरियन को पद से हटाने और उनके कार्यकाल की एसीबी से जांच कराने की मांग की है। मंच के संयोजक ओमप्रकाश का आरोप है कि नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता और संबद्धता देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। कॉलेजों के नाम एक साथ काउंसिलिंग सूची में जारी करने के बजाय तौर पर जैसे-जैसे राशि आती है, वैसे-वैसे संस्थानों को सूची में शामिल किया जाता है। निजी संस्थानों पर भी कार्रवाई की मांग युवा जागृति मंच ने निजी विश्वविद्यालयों और संस्थानों की ओर से सरकार की एनओसी के बिना संचालित कथित अवैध नर्सिंग पाठ्यक्रमों की भी जांच की मांग की है। मंच का कहना है कि इन पाठ्यक्रमों से पास आउट प्रशिक्षणार्थियों से तौर पर मोटी राशि ली गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। युवा मंच की सरकार से प्रमुख मांगे मंच की मांग है कि रजिस्ट्रार जोइस कुरियन के पूरे कार्यकाल की एसीबी में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक उन्हें पद से हटाकर परिषद के रिकॉर्ड से दूर रखा जाए। साथ ही परिषद की मूल फाइलें, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित किए जाएं, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो। मंच ने राजस्थान नर्सिंग काउंसिल एक्ट में संशोधन कर रजिस्ट्रार पद पर आईएएस या आरएएस अधिकारी की नियुक्ति की व्यवस्था करने की मांग भी की है। मंच ने चेतावनी दी है कि सात दिन में एसीबी जांच के आदेश नहीं होने पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना और राजभवन घेराव किया जाएगा। मंच का कहना है कि उसके पास आरोपों से संबंधित दस्तावेज, ऑडियो और लेन-देन के कथित साक्ष्य हैं, जिन्हें जांच एजेंसी को सौंपा जाएगा।